रविवार, 1 दिसंबर 2019

देश में इन विभागों में चलती है सबसे ज्यादा घूस!

देश में इन विभागों में चलती है सबसे ज्यादा घूस!



ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल इंडिया और लोकल सर्किल ने इंडिया करप्शन सर्वे 2019 की रिपोर्ट में बताया है कि देश में 2018 के मुकाबले 2019 में भ्रष्टाचार में 10 फीसदी की कमी आई है। यह सर्वे 20 राज्यों में किया गया है।
एजेंसी
नई दिल्ली। भारत में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार संपत्ति निबंधन और भूमि से जुड़े मामलों है। सबसे अधिक 26 फीसद घूस के मामले इस विभाग से जुड़े हैं। जानकारों का मानना है कि भारत के कई राज्यों में चकबंदी नहीं होने और जमीन के कागजात पुरखों के नाम पर होना इसकी बड़ी वजह है। दूसरी वजह तेजी से संपत्ति की कीमतों में इजाफा होना है। बड़े शहरों से लेकर छोटे शहरों तक में जमीन की धोखाधड़ी से जुड़े मामलों सामने आते रहते हैं।
भ्रष्टाचार और घूसखोरी के मामले में पुलिस दूसरे स्थान पर है। 19 फीसदी घूस के मामले इस विभाग से जुड़े हैं। कुछ ही दिनों पहले बिहार की राजधानी पटना में महात्मा गांधी सेतु पुल पर ओवरलोडेड वाहनों को पार कराने के लिए घूस लेने के आरोप में एक साथ 45 पुलिस वालों को निलंबित किया गया था। 
घूस लेने के मामले में नगर निगम भी पीछे नहीं है। 13 फीसद घूस के मामले इसी विभाग से जुड़े हैं। घर का नक्शा पास कराने के लिए महीनों से कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को आज-कल की बात कर महीनों तक कार्यालय का चक्कर लगवाया गया। आखिरकार कर्मचारी को पैसे देने के बाद उनका काम हुआ।
सर्वे में शामिल 3 फीसदी लोगों ने बिजली विभाग में घूस देने की बात कही है। प्रीपेड मीटर आने के बाद से इस विभाग में भ्रष्टाचार के मामलों में कमी आई है लेकिन पैसे लेकर कनेक्शन जोड़ने और काटने का मामला चलता रहता है। 
सर्वे में शामिल 13 फीसदी लोगों ने ट्रांसपोर्ट आफिस में घूस देने की बात कही है। जानकार बताते हैं कि ट्रांसपोर्ट विभाग के कर्मचारी हाइवे पर वाहनों को पास देने से लेकर कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनावने तक के काम के लिए घूस लेते हैं। कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश में प्रदूषण के नाम पर उगाही करने वाला वीडियो वायरल हुआ था।
सर्वे में शामिल 8 फीसदी लोगों ने टैक्स विभाग में घूस देने के बात कही। टैक्स विभाग में घूसखोरी की बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि केंद्र की मोदी सरकार भ्रष्टाचार के आरोपित टैक्स अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जबरन रिटायर कर रही है। 5 फीसदी लोगों ने बताया कि उन्होंने जल विभाग में घूस दी है। वहीं 13 फीसदी लोगों ने अन्य विभागों में घूस देने की बात कही है। 
इंडिया करप्शन सर्वे 2019 में 20 राज्यों के 248 जिलों के 1,90,000 लोग शामिल हुए। सर्वे के अनुसार 51 फीसदी भारतीयों ने पिछले 12 महीनों में एक बार घूस जरूर दी है। भारत के राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, झारखंड और पंजाब में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है। 
दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, पश्चिम बंगाल, केरल, गोवा और ओडिशा में कम भ्रष्टाचार है। भारत भर में 2018 के मुकाबले 2019 में भ्रष्टाचार के कुल स्तर में 10 फीसदी की कमी आई है। 


 


माईगव हेल्पडेस्क पर डिजिलाकर सेवाओं का उपयोग

  माईगव हेल्पडेस्क पर डिजिलाकर सेवाओं का उपयोग व्हाट्सएप उपयोगकर्ता $91 9013151515 पर केवल नमस्ते या हाय या डिजिलाकर भेजकर कर सकते है चैटबाट...