रविवार, 19 जनवरी 2020

युवाओं के रोजगार मामले में मोर्चा देगा राजभवन में दस्तकः नेगी                    

युवाओं के रोजगार मामले में मोर्चा देगा राजभवन में दस्तकः नेगी    


               
- प्रदेश में हजारों पद रिक्त                     
- युवा दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर    
- लाखों युवा हो चुके ओवर एज एवं लाखों दहलीज पर
- युवाओं को रोजगार देने के मामले में सरकार हुई फ्लॉप     
संवाददाता
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की लापरवाही के कारण प्रदेश के  विभिन्न विभागों में हजारों पद रिक्त होने के बावजूद भी आज तक युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाया, जबकि चुनाव के समय युवाओं से रोजगार के मामले में बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सारे वादे हवा हवाई हो गए। कई हजार पद रिक्त होने के बावजूद अब तक वर्तमान सरकार इन 3 सालों के कार्यकाल में मात्र दो-तीन हजार लोगों को ही रोजगार दे पाई, जबकि अधिकतर मामलों में पहले ही अधियाचन हो चुका था।               
नेगी  ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न विभागों में क, ख, ग श्रेणी के हजारों पद रिक्त चले आ रहे हैं, जिनमें अभी तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शिक्षा विभाग में 6397, चिकित्सा महकमे में 4803, वन महकमे में 3079, गृह विभाग में 2074, सिंचाई विभाग में 1365, सहकारिता 214, सचिवालय प्रशासन 416, पशुपालन 947, समाज कल्याण 264, शहरी विकास विभाग में 157, औद्योगिक विकास 92, राजस्व में 405 तथा ऊर्जा, ग्रामीण विकास, लोनिवि, कृषि, खाद्य आपूर्ति आदि दर्जनों विभागों में हजारों पद रिक्त चले आ रहे हैं। लाखों युवा रोजगार की आस में ओवर एज पार कर चुके हैं तथा कई कगार पर हैं।                    
नेगी ने कहा कि जिस अवधारणा एवं आशा को लेकर युवाओं ने राज्य का निर्माण कराया था, वह अवधारणाएं चूर-चूर हो गई है तथा बेरोजगार, परिवार के ताने सुन-सुन कर तिल-तिल मरने को मजबूर है। उन्होंने ऐलान किया कि मोर्चा युवाओं के रोजगार मामले में शीघ्र ही राजभवन में दस्तक देगा।                 
पत्रकार वार्ता में मोहम्मद असद, प्रवीण शर्मा पिन्नी, सुशील भारद्वाज आदि मौजूद रहे।


माईगव हेल्पडेस्क पर डिजिलाकर सेवाओं का उपयोग

  माईगव हेल्पडेस्क पर डिजिलाकर सेवाओं का उपयोग व्हाट्सएप उपयोगकर्ता $91 9013151515 पर केवल नमस्ते या हाय या डिजिलाकर भेजकर कर सकते है चैटबाट...