सोमवार, 26 जुलाई 2021

मिजोरम के साथ सीमा विवाद में झड़प

 मिजोरम के साथ सीमा विवाद में झड़प

असम के 6 पुलिसकर्मियों की मौत, 50 घायल



एजेंसी

गुवाहाटी। असम-मिजोरम बार्डर पर असम के सुरक्षाबलों और मिजोरम के नागरिकों के बीच झड़प के साथ फायरिंग भी हुई। इस हिंसा में असम पुलिस के 6 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। खुद असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। वहीं कछार के एसपी समेत कम से कम 50 कर्मी हिंसा में घायल हो गए हैं। 

सीमा पार से लगातार हो रही गोलीबारी के बीच जंगल में मौजूद असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कछार के पुलिस अधीक्षक निंबालकर वैभव चंद्रकांत समेत कम से कम 50 कर्मी गोलीबारी और पथराव में घायल हो गए हैं। असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा ने ट्वीट किया कि मुझे यह सूचित करते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि असम पुलिस के छह वीर जवानों ने असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक बार्डर पार से उपद्रवियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जब दोनों पक्षों के नागरिक अधिकारी मतभेदों को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे थे। अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि मैं तुरंत यह नहीं कह सकता कि कितने लोग घायल हुए हैं, लेकिन अनुमान कम से कम 50 कर्मियों का है। गोलीबारी में हमारे एसपी भी घायल हो गए और एक गोली उनके पैर में लगी। 

असम-मिजोरम बार्डर पर हुए तनाव पर बोलते हुए मिजोरम के गृह मंत्री लालचमलियाना ने बताया कि असम पुलिस के आईजी के नेतृत्व में हथियारों से लैस लगभग 200 असम पुलिस जवान वैरेंगटे आटो-रिक्शा स्टैंड पर आए। उन्होंने वहां तैनात सीआरपीएपफ जवानों की ड्यूटी पोस्ट को जबरन पार किया और मिजोरम पुलिस की ड्यूटी पोस्ट को नुकसान पहुंचाया।

मिजोरम के गृह मंत्री लालचमलियाना ने कहा कि आगजनी की सूचना पर वैरेंगटे शहर के निवासी, पूछताछ के लिए साइट पर रवाना हुए। असम पुलिस ने निहत्थे नागरिकों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे, जिससे कई नागरिक घायल हुए।

लालचमलियाना ने कहा कि मिजोरम पुलिस पर आंसू गैस के गोले दागे गए और उसके बाद असम की ओर से गोलीबारी की गई। इसके बावजूद कि एसपी, कोलासिब जिला सीआरपीएफ ड्यूटी कैंप के अंदर असम पुलिस के साथ बातचीत कर रहे थे, मिजोरम पुलिस ने असम पुलिस पर वापस फायरिंग करके जवाब दिया।

मिजोरम के गृह मंत्री लालचमलियाना ने आगे कहा कि मिजोरम सरकार चाहती है कि असम के साथ अंतर-राज्यीय सीमा का मुद्दा शांति और समझ के माहौल में सुलझाया जाए। वहीं आज ही मिजोरम के सीएम जोरमथंगा ने पुलिस और नागरिकों के बीच झडप का एक विडियो ट्वीट करते हुए गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए अनुरोध किया था कि इस मामले पर तुरंत कोई कार्रवाई करें। इसमें प्रधानमंत्री कार्यालय को भी टैग किया गया है।

दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद तब उपजा जब असम पुलिस ने अपनी जमीन पर कथित तौर पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू किया। 10 जुलाई को जब असम सरकार की टीम मौके पर गई तो उस पर अज्ञात लोगों ने आईईडी से हमला कर दिया।


अब लिंक का इंतजार कैसा? आप सीधे parvatiyanishant.page.पर क्लिक कर खबरों एवं लेखों का आनंद ले सकते है।

मालन पुल के मरम्मत का कार्य धीमी गति से होेने पर विधानसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जतायी

 मालन पुल के मरम्मत का कार्य धीमी गति से होेने पर विधानसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जतायी संवाददाता देहरादून। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण न...