बुधवार, 6 अप्रैल 2022

60 फीट लंबा पुल चुरा ले गए चोर

60 फीट लंबा पुल चुरा ले गए चोर



रोहतास में अंग्रेजी राज का बना ब्रिज रातोंरात हुआ गायब

एजेंसी 

नासरीगंज/रोहतास। रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड क्षेत्र में चोरों द्वारा अमियावर स्थित आरा मुख्य नहर पर बना लोहे का पुल गायब हो गया है। 60 फीट लंबा, 10 फीट चौड़ा व 12 फीट ऊंचे पुल को जेसीबी से उखाड़कर किसी वाहन से ले जाने की बात सामने आ रही है। प्रशासन व जल संसाधन विभाग को इस करतूत की भनक तक नहीं लगी। जानकारी के बाद विभाग के कनीय अभियंता ने प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है। 

जानकारी के अनुसार सोन नहर अवर प्रमंडल नासरीगंज में अमियावर गांव के पास आरा मुख्य नहर पर स्थित कंक्रीट के पुल के समानांतर और इससे 25 फीट की दूरी पर अंग्रेजों के जमाने का एक पुल था। ग्रामीणों के अनुसार पहले भी पुल से निकले लोहे को कुछ लोग कई बार पिकअप वैन पर लादकर ले गए थे। जेसीबी से जब पुल उखाड़ा जा रहा था तो ग्रामीणों ने उनसे पूछा कि किसके आदेश पर यह हो रहा है। उन लोगों ने खुद को सिंचाई विभाग का कर्मी बताया। ग्रामीणों की मानें तो अब तक पुल से कुल 20 टन से अधिक लोहा निकला होगा। 

लोग बताते हैं कि नहर के निर्माण के बाद गांव के लोग नाव से आर-पार होते थे। 1966 में यात्री से भरी नाव नहर के गहरे पानी में डूब गई थी। इसके बाद 1972 से 1975 के बीच नहर पर इस पुल का निर्माण तत्कालीन सरकार ने कराया था। पुल के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर इसके समानांतर कंक्रीट पुल का निर्माण हुआ तो पुराने पुल से आवागमन बंद हो गया।

इस मामले में जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राधेश्याम सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर कनीय अभियंता (जेई) को तत्काल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है। सहायक अभियंता ने बताया कि उक्त पुल का अब उपयोग नहीं होता था। स्थानीय मुखिया ने आवेदन देकर इसे हटाने का अनुरोध किया है, लेकिन बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के यह पुल कैसे गायब हो गया, यह जांच का विषय है।


माईगव हेल्पडेस्क पर डिजिलाकर सेवाओं का उपयोग

  माईगव हेल्पडेस्क पर डिजिलाकर सेवाओं का उपयोग व्हाट्सएप उपयोगकर्ता $91 9013151515 पर केवल नमस्ते या हाय या डिजिलाकर भेजकर कर सकते है चैटबाट...